देहरादून : 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून के सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में योग के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में नागरिकों और योग साधकों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। खुले वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा।



कार्यक्रम में मौजूद महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ रहने की नई दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के साथ मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाने का भी प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाएं। नियमित योग से न केवल बीमारियों से बचाव संभव है, बल्कि जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मकता भी बनी रहती है।









