देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के करीब 8 लाख स्कूली बच्चों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए त्योहारों के महत्व, स्वच्छता, सुरक्षा और पढ़ाई को लेकर प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके परिवार का हालचाल जाना और दीपावली की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारे त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि परिवार और समाज को जोड़ने के साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी हैं।
सीएम धामी ने बच्चों से दीपावली पर घर की साफ-सफाई में सहयोग करने और स्वच्छता को अपनी आदत बनाने की अपील की। उन्होंने मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कुम्हारों एवं कारीगरों के उत्पादों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इससे स्थानीय कारीगरों की आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, त्योहारों के दौरान बच्चों को पटाखों से दूर रहने और दीये व फुलझड़ियां जलाते समय बड़ों की निगरानी में रहने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी रुचि रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना बेहद जरूरी है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक के माध्यम से और अधिक उपयोगी बनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि इससे पहले ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के सुझावों को भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में भी शामिल करने पर विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को ‘विकल्प रहित संकल्प’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी मेहनत, लगन और दृढ़ निश्चय के साथ आगे बढ़ना ही इसका वास्तविक अर्थ है। उन्होंने विद्यार्थियों से चुनौतियों से घबराए बिना अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा, परिश्रम और रचनात्मक सोच विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे और संयुक्त निदेशक गोविन्द राम जायसवाल मौजूद रहे।






