देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

दीपावली से पहले 10 लाख पेंशनधारकों को धामी सरकार की सौगात, खातों में भेजे ₹148.18 करोड़

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून -दीपावली से पहले उत्तराखंड के करीब 10 लाख पेंशन लाभार्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर माह की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान प्रदेश के 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में कुल 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि भेजी गई ।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पेंशन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही हैं। डीबीटी व्यवस्था के जरिए सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और भुगतान प्रक्रिया भी आसान हुई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कई लोगों को पेंशन से जुड़े दस्तावेज तैयार करने और औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर करीब 7 हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अक्टूबर माह में सबसे अधिक वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई। वहीं, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

इसके अलावा किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि का भुगतान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करती हैं। उन्होंने दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए सभी लाभार्थियों के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment