देहरादून : देहरादून में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोश और उत्साह के साथ शुरू हो गई हैं। पुलिस लाइन में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं प्रतिभाग कर योग को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते तनाव, अवसाद और बदलती जीवनशैली के दौर में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशामुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग की स्वीकार्यता बढ़ी है और आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपना रही है। राज्य सरकार भी नई योग नीति के जरिए योग प्रशिक्षकों, योग केंद्रों और वेलनेस आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दे रही है।

सीएम धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा योग के इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाकर स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।







