देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

विदेशी रोजगार के लिए उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगा कौशल और भाषा प्रशिक्षण, सीएम धामी ने दिए निर्देश

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने विदेशों में रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप युवाओं को कौशल और भाषा प्रशिक्षण देने पर जोर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को संबंधित देशों में भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की मांग का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। बैठक में संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता और उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सीएम धामी ने कहा कि विदेशों में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की अधिक आवश्यकता है, उनकी जानकारी भारतीय मिशनों के माध्यम से प्राप्त की जाए। इन आवश्यकताओं के अनुरूप राज्य के युवाओं को कौशल के साथ-साथ संबंधित देशों की आवश्यक भाषा का प्रशिक्षण भी दिया जाए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय रोजगार बाजार में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

जाम्बिया में शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं की जानकारी देते हुए उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने कहा कि वहां कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। वहीं, जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के साथ विशेष रूप से नर्सिंग क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं की मांग बताई गई। इथियोपिया में प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में अवसरों की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन संभावनाओं के आधार पर युवाओं के प्रशिक्षण के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप तैयार करने की है।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। भारतीय मिशनों के साथ समन्वय बनाकर विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देने की दिशा में सुनियोजित तरीके से काम किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु और सचिव विनय शंकर पांडेय भी मौजूद रहे।

---Advertisement---

Leave a Comment