देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

उत्तराखंड में मानसून का कहर, देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून:- उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने देहरादून और बागेश्वर जिले में अगले 24 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर पड़ सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।

राजधानी देहरादून में मंगलवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और अभिभावकों को झेलनी पड़ी। सुबह के समय तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया और आवाजाही धीमी हो गई।

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि प्रदेश में 6 अगस्त तक अधिकांश स्थानों पर बारिश जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद 7 से 9 अगस्त तक भी अनेक जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, टिहरी, चंपावत और नैनीताल में यलो अलर्ट लागू किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, सड़क अवरोध, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्गों पर जाने वाले श्रद्धालुओं को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिन प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रह सकती हैं, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है।

---Advertisement---

Leave a Comment