देहरादून :- उत्तराखंड में अगले दो दिन मौसम का मिजाज बेहद खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 9 और 10 जुलाई को प्रदेश के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

9 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा। 10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

एसईओसी ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास न जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।






