चमोली, 14 अगस्त 2026: — मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआरटी टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा। जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और विशेषज्ञ टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हुई हैं।



प्रशासन के अनुसार टनल में फंसे 22 लोगों में से 19 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश जारी है। घटना के बाद बचाव कार्य के लिए टनल के भीतर गए सभी 6 बचावकर्मी सुरक्षित हैं। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मृत्यु की सूचना मिली है।


जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। टनल की कुल लंबाई लगभग 3 किलोमीटर है और लगभग 1.5 किलोमीटर के हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भर गया, जिससे श्रमिक अंदर फंस गए।
घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेस्क्यू अभियान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लगातार जारी है।







