ऋषिकेश :- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी वर्षा के अलर्ट के बीच ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ, जल पुलिस और आपदा राहत दल ने संयुक्त अभियान चलाकर ऋषिकेश, मुनिकीरेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र के सभी संवेदनशील घाटों को खाली करा दिया।

रेस्क्यू टीमों ने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। साथ ही पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से गंगा नदी के किनारे न जाने और जलस्तर सामान्य होने तक घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम या आपदा राहत दल को सूचना देने को कहा गया है।








