देहरादून :- उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से जारी रेड एवं ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार को चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया है। चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और सड़क बाधित होने की घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।

गढ़वाल आयुक्त ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जाए। साथ ही सड़क और मौसम की स्थिति का लगातार आकलन किया जाए तथा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाए।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए यात्रियों तक समय पर आधिकारिक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल अस्थायी और एहतियाती निर्णय है। मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद चारधाम यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना अनुमति यात्रा शुरू न करें।






