देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि स्टेशन में आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ दून घाटी की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया है। परिसर में पारंपरिक ऐपण कला का समावेश उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है।


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना तेजी से मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टेशन यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेंगे तथा विकसित भारत के संकल्प को नई गति देंगे।








