रुद्रप्रयाग, 20 जुलाई। उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर के अनुसार, भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा मार्ग के कई स्थानों पर सड़कें बाधित हुई थीं। हालांकि संबंधित एजेंसियों ने तेजी से काम करते हुए अधिकांश मार्गों को बहाल कर दिया है, लेकिन खराब मौसम को देखते हुए यात्रा फिलहाल रोक दी गई है।

गढ़वाल आयुक्त के निर्देशानुसार चारधाम मार्ग पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न सुरक्षित स्थानों पर ठहराया जा रहा है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और मार्गों की निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, ऑरेंज अलर्ट समाप्त होगा और सभी मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होंगे, चारधाम यात्रा को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। तब तक श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।







