नैनीताल। नैनीताल के डीएसबी परिसर के पास रविवार शाम एक युवक शराब के नशे में गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की जान बचाई।

पुलिस कंट्रोल रूम को मिली सूचना के बाद पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने और खाई के अत्यधिक गहरे एवं दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


रेस्क्यू के बाद युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। जांच के दौरान पता चला कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसका संतुलन बिगड़ गया था।

युवक की पहचान हेरमन ठिठियो (35 वर्ष), निवासी गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ वर्षों से नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र में एक चर्च में कार्यरत है। उपचार के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
इस सफल रेस्क्यू अभियान ने एक बार फिर पुलिस और फायर सर्विस की तत्परता और पेशेवर दक्षता को साबित किया है।







