देहरादून। नगरासू घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और प्रशासन-पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होगा और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के बाद संबंधित प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर चुका है और प्रदेश के पुलिस महानिदेशक लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक राज्य नहीं, बल्कि देवभूमि है, जहां विभिन्न धर्मों, परंपराओं और आस्थाओं का सम्मान हमारी संस्कृति का हिस्सा है। गुरुद्वारों सहित सभी धार्मिक स्थल लोगों की आस्था के केंद्र हैं और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और किसी भी विवाद को बातचीत तथा आपसी समझ के जरिए सुलझाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है और इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अब तक लगभग 40 लाख श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं, जबकि हेमकुंड साहिब यात्रा में भी श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सीएम धामी ने अंत में कहा कि समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की उकसावे वाली गतिविधियों से बचते हुए कानून पर भरोसा रखें, क्योंकि लोकतंत्र में हर समस्या का समाधान संवाद, संवेदनशीलता और न्यायपूर्ण कार्रवाई के माध्यम से ही संभव है।






