रुद्रप्रयाग, 20 जुलाई। उत्तराखंड में रातभर हुई मूसलाधार बारिश का असर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी देखने को मिला। सिरोबगड़, बांसवाड़ा, मुनकटिया और गौरीकुंड समेत कई संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने से यात्रा मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और कार्यदायी संस्था की टीमें मशीनों के साथ मौके पर पहुंचीं। जेसीबी की सहायता से युद्धस्तर पर मलबा और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने का अभियान चलाया गया। विभागीय टीमों की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी बाधित स्थानों पर यातायात बहाल कर दिया गया।

फिलहाल केदारनाथ यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु है और श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।







