देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

मातृशक्ति के सम्मान में मुख्यमंत्री धामी का बड़ा ऐलान, तीलू रौतेली और आंगनबाड़ी पुरस्कार की राशि बढ़ी

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून :- उत्तराखंड सरकार ने मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर आयोजित तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में बड़ा ऐलान करते हुए तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार की राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 61 हजार रुपये करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रदेश की 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार तथा 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित महिलाओं और कार्यकत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण, सेवा और समाज के प्रति योगदान पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वीरांगना तीलू रौतेली उत्तराखंड की नारी शक्ति, साहस और स्वाभिमान की अमर प्रतीक हैं। उन्होंने अपने अदम्य साहस और पराक्रम से इतिहास में अमिट स्थान बनाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों के साथ-साथ वीरांगनाओं की भी भूमि रही है और तीलू रौतेली का जीवन आज भी प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याज मुक्त ऋण, मुख्यमंत्री लघु उद्योग प्रोत्साहन योजना और उद्यमिता विकास कार्यक्रम जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 7,500 रुपये से बढ़ाकर 9,300 रुपये, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 4,500 रुपये से बढ़ाकर 6,250 रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 3,550 रुपये से बढ़ाकर 5,250 रुपये किया है। साथ ही सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति का प्रावधान भी किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त मातृशक्ति ही विकसित उत्तराखंड की सबसे मजबूत आधारशिला है और सरकार महिलाओं के सम्मान तथा आत्मनिर्भरता के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी।

---Advertisement---

Leave a Comment