रुद्रप्रयाग :- गढ़वाल मंडल के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब अलकनंदा नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण रुद्रप्रयाग स्थित नमामि घाट पूरी तरह जलमग्न हो गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि के चलते नदी का बहाव भी काफी तेज हो गया है, जिससे नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, अलकनंदा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नमामि घाट के जलमग्न होने के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर हैं।

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी किनारों और नालों के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से भी बचना चाहिए।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन और पुलिस से संपर्क करने को कहा गया है।







