देहरादून : निहंग समूहों के उत्तराखंड प्रवेश की आशंका के बीच देहरादून पुलिस ने कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल के अनुसार सुबह से ही बॉर्डर पर तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी और हर बैरियर पर पुलिस बल तैनात किया गया था। वाहनों और लोगों की लगातार जांच की जा रही थी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

एसएसपी ने बताया कि प्रशासन की ओर से पांवटा साहिब में विभिन्न संगठनों के साथ संवाद भी किया गया था। कई संगठनों ने बातचीत के बाद प्रशासनिक सुझावों को माना, लेकिन एक समूह ने अलग होकर बैरियर तोड़ने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए अतिरिक्त बल तैनात किया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया।

उन्होंने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू की घटनाओं को लेकर अलग-अलग समूहों की अलग-अलग मांगें और विरोध थे, लेकिन कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जो भी व्यक्ति कानून तोड़ने या हिंसक गतिविधियों में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








