रुद्रप्रयाग: लगातार हो रही बारिश के बीच केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन हुआ है। गौरीकुंड गेट से करीब 200 मीटर आगे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने के कारण पैदल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी है।

जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे, जिससे यात्रा मार्ग बाधित हो गया। घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मार्ग से मलबा हटाने और आवाजाही बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार बारिश और पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बिना अनुमति के आगे बढ़ने का प्रयास न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।







