हल्द्वानी :- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे की शुरुआत कार्यकर्ताओं के जोरदार स्वागत के साथ हुई। दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे नितिन नवीन का पंतनगर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। उन्हें बाबा नीम करौली का चित्र और पुष्पगुच्छ भी भेंट किया गया।

पंतनगर से हल्द्वानी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य अभिनंदन किया। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने स्वागत कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग भी भर दिए।

हल्द्वानी में नितिन नवीन भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के द्वितीय सत्र में शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी अगवानी करते हुए सत्र की शुरुआत की। इस दौरान संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की जा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उनके दौरे को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।








