खटीमा, 1 अगस्त :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा स्थित लोहियाहेड हेलीपैड कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसका प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने को कहा।


मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं और जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।


कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद सुशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।







