देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17.80 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बिना रुके, बिना थके अपने हर वादे को धरातल पर उतारने का काम कर रही है, जबकि कुछ लोग झूठ और नकारात्मकता फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पास अपनी कोई उपलब्धि नहीं है, वे अफवाहों के सहारे राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड के सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और जनसांख्यिकीय संतुलन बनाए रखने के लिए सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया है।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के साथ-साथ दंगों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही नुकसान की भरपाई कराने का कानून बनाकर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल माफिया के नेटवर्क को तोड़कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया है।

रोजगार और स्वरोजगार पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलों से हजारों युवा रोजगारदाता बन रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है और नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और मातृशक्ति पूरी तरह सशक्त और आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन की यही नीति उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।







