देहरादून :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में छत्तीसगढ़ से आए पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें उत्तराखंड की विकास यात्रा, पर्यटन संभावनाओं, सांस्कृतिक विरासत और सुशासन मॉडल से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास और विरासत के संतुलन के साथ देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड का भ्रमण विभिन्न राज्यों के मीडिया प्रतिनिधियों को यहां की सांस्कृतिक, सामाजिक और विकास यात्रा को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के कारण विश्वभर में पहचान रखता है। चारधाम, पंचकेदार, पंचबदरी, पंचप्रयाग, हेमकुंड साहिब, पूर्णागिरि, जागेश्वर, आदि कैलाश और ओम पर्वत जैसे धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का काम कर रही है। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक पर्यटन, ईको-टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे आधारित पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं और मजबूत आधारभूत ढांचे के कारण पिछले चार वर्षों में 25 करोड़ से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की आदि कैलाश यात्रा के बाद सीमांत क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और वहां पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे वर्ष पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए “राउंड द ईयर टूरिज्म” की अवधारणा पर कार्य कर रही है। शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सुनिश्चित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हो रहा है तथा दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास को नई गति देंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास, निवेश, उद्योग, कृषि, बागवानी और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि उनकी भूमिका समाज में सकारात्मक और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ से आए पत्रकार उत्तराखंड की सकारात्मक तस्वीर को देशभर में पहुंचाएंगे। साथ ही उन्होंने पत्रकारों के माध्यम से समस्त छत्तीसगढ़वासियों को आगामी कुंभ में देवभूमि उत्तराखंड आने का आमंत्रण भी दिया।

बैठक के दौरान पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन क्षेत्र में आए बदलाव, बेहतर आधारभूत संरचना और जनकल्याणकारी पहलों की सराहना की। इस अवसर पर राज्य और छत्तीसगढ़ सूचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा 20 से अधिक पत्रकार उपस्थित रहे।







