देहरादून, 31 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान चारधाम यात्रा के सफल संचालन, बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों और जन समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।



केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा और चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी, बेहतर प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रयासों से यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है।



विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बुग्याल उत्तराखंड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान हैं तथा इनसे स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां सीधे जुड़ी हैं।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय रोजगार, पर्यटन और आजीविका के हितों के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल सहित सभी अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही सुशासन की पहचान है और राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक को समय पर राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







