देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

चंपावत को मिली स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

चम्पावत:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी और ऐतिहासिक सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने सीमांत क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की प्रगति और विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ और विकसित उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

चंपावत दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण करते हुए कहा कि इससे चंपावत समेत पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और आसपास के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लगभग 11.71 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग सुविधाओं का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद चंपावत जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बन जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी दिशा में इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470 लाख रुपये से अधिक की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को निःशुल्क और कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अंत्योदय की सोच का केंद्र आम नागरिक का स्वास्थ्य और कल्याण है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ और विकसित उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प में सहभागी बनें, क्योंकि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य की आधारशिला होते हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment