देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

अगले 15 घंटे उत्तराखंड पर भारी, पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट; केदारनाथ-बद्रीनाथ समेत कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून:- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 15 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। यह अलर्ट 27 जुलाई शाम 7:06 बजे से 28 जुलाई सुबह 10:06 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी जिले के पुरोला, बड़कोट और गंगोत्री, रुद्रप्रयाग के केदारनाथ और सोनप्रयाग, चमोली के बद्रीनाथ, थराली और नंदा देवी पर्वत क्षेत्र, पिथौरागढ़ के मुनस्यारी, बेरीनाग, गंगोलीहाट और डीडीहाट, तथा ऊधम सिंह नगर के जसपुर, रुद्रपुर और खटीमा सहित आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। कई स्थानों पर बहुत तेज़ से अत्यधिक तेज़ बारिश के दौर भी पड़ सकते हैं।

मौसम विभाग ने चेताया है कि लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में जलभराव, तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment