देहरादून :- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में देहरादून के कुंआवाला स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होने का संदेश दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सबसे बड़ा लक्ष्य प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर मजबूत पकड़ बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता का विश्वास पार्टी के साथ है। अब संगठन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक समर्थक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे और अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का सबसे बड़ा लक्ष्य प्रत्येक बूथ और प्रत्येक वोट पर मजबूत पकड़ बनाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता का विश्वास पार्टी के साथ है। अब संगठन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक समर्थक मतदाता मतदान केंद्र तक पहुंचे और अधिकतम मतदान सुनिश्चित हो।

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पात्र मतदाता का नाम सूची में बना रहे और अपात्र नाम हटे, यह सुनिश्चित करना सभी जिम्मेदार राजनीतिक कार्यकर्ताओं का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हुई, वहां भाजपा को बेहतर जनसमर्थन मिला।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं से “जहां कम, वहां हम” के संकल्प के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए संगठन की प्रत्येक इकाई को पूरी क्षमता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता की पहली सीढ़ी सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची है। इसके लिए बीएलओ-2 के माध्यम से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटने देना और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहने देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवैधानिक प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और शुद्ध मतदाता सूची बेहद आवश्यक है।
बैठक में एसआईआर टीम के केंद्रीय सदस्य जमयांग त्सेरिंग नामग्याल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया तथा कार्यकर्ताओं के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान संगठनात्मक रणनीति, बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में कई सांसद, मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।






