देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, आठ जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी; प्रशासन हाई अलर्ट पर

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून, 31 जुलाई। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को राज्य के कई पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में भारी वर्षा, जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को कहा गया है कि राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह तैयार रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन को सक्रिय रखने तथा भूस्खलन या मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में उन्हें तुरंत खोलने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग और बीआरओ सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने के लिए कहा गया है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आमजन से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। उन्होंने कहा कि नदी-नालों के समीप जाने से बचें, अनावश्यक यात्रा न करें और किसी भी आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1070, जिला आपदा नियंत्रण कक्ष 1077 या आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क करें।

---Advertisement---

Leave a Comment