देहरादून :- राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रकाश राणाकोटी के नेतृत्व में सचिवालय स्थित कार्यालय में उत्तराखण्ड के वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें वित्त सचिव का पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

मुलाकात के दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के विभिन्न निगमों में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े वित्तीय और प्रशासनिक मुद्दों पर भी चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि वित्त सचिव के नेतृत्व में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और वित्तीय मामलों का समयबद्ध एवं सकारात्मक समाधान होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य सरकार की विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी समस्याओं के समाधान को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
महासंघ ने राज्य के विकास और विभिन्न निगमों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार के साथ हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि सरकार और कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद से प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इस अवसर पर वित्त सचिव रणवीर सिंह चौहान ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नियमों और वित्तीय प्रावधानों के अनुरूप कर्मचारियों से जुड़े सभी मामलों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से भी अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि उत्तराखण्ड के विकास को नई गति मिल सके।
शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रदेश महामंत्री नन्दलाल जोशी, अजयकान्त, इंजीनियर जयपाल सिंह चौहान, बुद्धि सिंह रावत, सुनील पुण्डीर, दलीप रावत, विमल भण्डारी, ललित शर्मा सहित महासंघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।







