देहरादून :- देहरादून के गांधी पार्क में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के नागरिकों को प्रेरित करने वाला ऐसा मंच बन चुका है, जो समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में डीआरडीओ की उपलब्धियों, रक्षा उत्पादन में भारत की बढ़ती क्षमता, रक्षा उपकरणों के निर्यात, जल संरक्षण, पारंपरिक हस्तशिल्पों के संवर्धन और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह संदेश देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर और अधिक प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। रक्षा से लेकर विज्ञान, तकनीक, नवाचार और आर्थिक विकास तक हर क्षेत्र में देश की प्रगति दुनिया के सामने एक नई मिसाल बन रही है। सीमांत क्षेत्रों का तेजी से विकास हो रहा है और आम नागरिकों के सपनों को साकार करने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में आधारभूत ढांचे के विकास, सैनिकों के सम्मान, युवाओं के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी की भावना को लगातार मजबूत कर रहा है।







