देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

‘उत्तराखंड वीरों की धरती है’… कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं सैनिक कल्याण की उपलब्धियां

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून :- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद परिवारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का प्रत्येक नागरिक अपने वीर जवानों के बलिदान पर गर्व करता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों के सम्मान में बड़ा निर्णय लेते हुए घोषणा की कि परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए दी जाने वाली अनुग्रह राशि अब ₹2 करोड़ होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। सरकार ने शहीद परिवारों की आर्थिक सहायता में कई गुना वृद्धि की है और वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए सम्मान राशि भी बढ़ाई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने शहीद परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, पूर्व सैनिकों के लिए शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने, भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण, वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा और संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में छूट जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 28 शहीद परिवारों के आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में बन रहा सैन्य धाम उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और शहीदों के सम्मान का जीवंत प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए भी देश में पहली बार “अग्निवीर रोजगार सेल” की स्थापना कर रही है। इसके साथ ही उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और अन्य सरकारी सेवाओं में अग्निवीरों को प्राथमिकता देने, स्वरोजगार, कौशल विकास और होमस्टे जैसी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि कारगिल के अमर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का अमर संदेश है।

---Advertisement---

Leave a Comment