देहरादून :- देहरादून सचिवालय में राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम की संचालन समिति की सातवीं बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों—देहरादून, ऋषिकेश और काशीपुर—की वायु गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम-10 और पीएम-2.5 के स्तर को कम करने के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाए जाएं।

मुख्य सचिव ने सड़कों का पक्कीकरण, फुटपाथ निर्माण, धूल नियंत्रण और निर्माण एवं ध्वस्तीकरण के मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सड़कों पर पड़े निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने और स्थानीय निकायों द्वारा डेमोलिशन वेस्ट के लिए निर्धारित स्थल चिन्हित कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में वाहनों और उद्योगों से होने वाले प्रदूषण पर भी सख्ती बरतने, प्रदूषण नियंत्रण नियमों का कड़ाई से पालन कराने, जाममुक्त सड़कें विकसित करने और काशीपुर मॉडल का अध्ययन कर अन्य शहरों में लागू करने पर बल दिया गया। मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय शुद्ध वायु कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने और स्मार्ट सिटी के सभी डिस्प्ले बोर्डों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।







