हरिद्वार : – आगामी महाकुंभ-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में करीब 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हरिद्वार को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है, जहां श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर काम कर रही है। इसी उद्देश्य से नए घाटों का निर्माण, पुलों का निर्माण, प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, ट्रैफिक प्रबंधन का आधुनिकीकरण और अन्य आधारभूत परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर तक सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नए पुल का निर्माण, पतंजलि योगपीठ से फेरूपुर तक सड़क विकास, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी और हर की पैड़ी से मनसा देवी व चंडी देवी तक रोपवे जैसी योजनाओं पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कांवड़ यात्रा के लिए केवल अस्थायी व्यवस्थाओं की सोच को बदलते हुए स्थायी और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने की दिशा में काम शुरू किया है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







