देहरादून: – मौसम में सुधार और यात्रा मार्गों की विस्तृत समीक्षा के बाद चारधाम यात्रा को दोबारा सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया है। खराब मौसम और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए 20 जुलाई 2026 को एहतियातन यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया था।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी की जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान भारी बारिश, भूस्खलन या किसी अन्य कारण से मार्ग बाधित हो जाए तो वे प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षित होल्डिंग एरिया में ही रुकें और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। हालात सामान्य होने के बाद ही आगे की यात्रा शुरू करें।
गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को मौसम और यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।






