देहरादून: – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है। शुक्रवार को देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने घोषणा की कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेल के माध्यम से सेना से लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को विशेष अनुदान दिया जाएगा। सीमावर्ती गांवों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने अग्निवीरों के लिए पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन समेत सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सेना में सेवा देने वाले हर युवा को सम्मानजनक भविष्य देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं एक सैनिक के बेटे हैं और सैनिकों के अनुशासन व त्याग को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनना केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है और सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं की सबसे बड़ी पूंजी होंगे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी दी गई है। भर्ती घोटालों पर कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया और सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया।








