उत्तरकाशी :- सिल्क्यारा टनल निर्माण परियोजना में गुरुवार सुबह हुए हादसे के बाद जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। टनल के भीतर शॉटक्रीट लाइनिंग का ब्लॉक गिरने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन और निर्माण एजेंसी दोनों ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को मौके पर भेजा और विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से यह जांच करने को कहा है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
प्रशासन ने मृतक श्रमिक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही टनल में कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

एनएचआईडीसीएल की ओर से भी हादसे की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






