खटीमा। हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के नगला तराई स्थित अपने निजी आवास परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाले समय में उत्तराखंड और अधिक हरित एवं समृद्ध बनेगा।







