अल्मोड़ा :- सावन मास के पहले दिन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।


पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध रहे। उन्होंने कहा कि सावन का यह पावन अवसर आध्यात्मिक आस्था के साथ प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति पूजन का पर्व है। प्रकृति ही हमें जीवन देती है, इसलिए उसका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के अभियान से जुड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बड़े स्तर पर पौधरोपण से सूख चुके जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण पर्यावरण संबंधी अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं, जिनसे निपटने के लिए समाज के हर वर्ग को मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित उत्तराखंड का निर्माण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।







