हरिद्वार :- सोशल मीडिया पर मनसा देवी मंदिर के एक पुजारी का कथित वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने लोगों से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि AI तकनीक के इस दौर में फर्जी वीडियो तैयार करना संभव है, इसलिए किसी भी वायरल वीडियो को बिना सत्यापन के सच मानना उचित नहीं है।

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व मंदिर और सनातन परंपरा की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे मामलों में तथ्यों के आधार पर जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास कोई शिकायत, फोटो या वीडियो है तो उसे सीधे पुलिस या मंदिर ट्रस्ट को सौंपा जाए। ट्रस्ट निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगा और यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अफवाहों से बचने और केवल प्रमाणित जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील करते हुए कहा कि मनसा देवी मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है।







