देहरादून :- राजधानी देहरादून के आने वाले वर्षों के विकास की दिशा तय करने वाली देहरादून महायोजना-2041 को जनभागीदारी के आधार पर तैयार करने के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का जनसंवाद अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अभियान के चौथे दिन नगर निगम परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में सेक्टर-04 के नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने सड़कों के विस्तार, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं, आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के संतुलित विकास सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी राय रखी। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों को विस्तार से सुना और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक सुझाव का तकनीकी और कानूनी परीक्षण कर उसे महायोजना में शामिल करने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

शिविर में एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि महायोजना-2041 केवल शहर के भूमि उपयोग का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देहरादून के अगले 15 वर्षों के शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, परिवहन व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और संतुलित विस्तार का विजन डॉक्यूमेंट है। इसलिए इसे तैयार करने में आम जनता की भागीदारी को सबसे अधिक महत्व दिया जा रहा है।
एमडीडीए का कहना है कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की समस्याएं और जरूरतें भी अलग हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों से मिलने वाले सुझाव योजना को अधिक व्यवहारिक और जनहितकारी बनाने में मदद करेंगे। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार उन्हें महायोजना में शामिल किया जाएगा।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि जनसंवाद अभियान का उद्देश्य केवल सुझाव लेना नहीं, बल्कि नागरिकों को शहर के विकास की निर्णय प्रक्रिया का सहभागी बनाना है। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है और हर सुझाव का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि एमडीडीए द्वारा 6 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक देहरादून के सभी 12 सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अगले चरण में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में सेक्टर-05 के नागरिकों के लिए जनसुनवाई होगी। प्राधिकरण ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने सुझाव देने की अपील की है, ताकि देहरादून की महायोजना-2041 वास्तव में जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप तैयार की जा सके।






