जोशीमठ : – बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितता के मामले में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की शिकायत पर पुलिस ने निलंबित व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीकेटीसी के मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान द्वारा दी गई तहरीर पर 8 जुलाई 2026 को बदरीनाथ थाने में एफआईआर संख्या 0006 दर्ज की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 और 316(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


समिति के अनुसार, 2 जुलाई को सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वित्तीय अनियमितता के वीडियो के बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। प्रारंभिक जांच में प्रमोद नौटियाल की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाए जाने का उल्लेख किया गया, जिसके बाद 7 जुलाई को उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।


बीकेटीसी का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई थी। अब पुलिस जांच शुरू होने के साथ मामले की कानूनी पड़ताल भी शुरू हो गई है।
फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। एफआईआर दर्ज होना आरोपों की पुष्टि नहीं माना जाता। आरोपों की सत्यता का निर्धारण पुलिस जांच और न्यायालय में होने वाली आगे की प्रक्रिया के आधार पर होगा।







