देश विदेश राज्य उत्तराखंड मनोरंजन अपराध धर्म लाइफस्टाइल प्रेस रिलीज़
---Advertisement---

उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री धामी ने ₹495 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी

By Smita Chouhan

Published on:

---Advertisement---

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं और निर्माण परियोजनाओं हेतु ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी निकायों, जिला पंचायतों और जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के तहत नरेंद्र नगर विधानसभा में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए ₹3.08 करोड़ मंजूर किए हैं। अल्मोड़ा के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹53.51 लाख की स्वीकृति देते हुए पहली किस्त के रूप में ₹32.10 लाख जारी किए गए हैं। वहीं धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण, चौखुटिया में रामपादुका मंदिर स्नान घाट और चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना जैसी योजनाओं को भी मंजूरी मिली है।

हरिद्वार और लक्सर में सीसी मार्गों के निर्माण एवं सुधार, सितारगंज में कई ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण, पिथौरागढ़ के गुंजी गांव के सर्वांगीण विकास, रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग, चंपावत में एडवेंचर पार्क तथा देहरादून में संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के विस्तार को भी स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ₹43.87 करोड़ की मंजूरी दी है। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों के लिए ₹328.28 करोड़ और जिला पंचायतों के लिए ₹82.21 करोड़ की तदर्थ वित्तीय सहायता को भी मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी।

---Advertisement---

Leave a Comment