चम्पावत :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद चम्पावत के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की लागत वाली दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी तट पर बाढ़ सुरक्षा तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरी तहसील के ग्राम छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण कार्य शामिल है।



कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि माँ शारदा नदी लाखों लोगों की आजीविका का आधार है और सरकार सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की नई पहचान देने की दिशा में कार्य कर रही है। लगभग ₹3300 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट सहित विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय रोजगार सृजन के लिए अनेक योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू हुई परियोजनाएं विकसित चम्पावत और समृद्ध उत्तराखंड की मजबूत नींव साबित होंगी।








