बागेश्वर :- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम में सामने आई कथित चोरी और अनियमितताओं के मामले को लेकर उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधा है। बागेश्वर के बागनाथ मंदिर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों से लगातार सामने आ रही घटनाएं श्रद्धालुओं की आस्था को प्रभावित कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि अयोध्या और बद्रीनाथ धाम से जुड़े मामलों ने आम लोगों के मन में कई सवाल खड़े किए हैं। गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि बद्री-केदार मंदिर समिति की कार्यप्रणाली और कुछ कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी संदेह की स्थिति बनी हुई है, जिसे दूर करने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि बद्रीनाथ धाम से जुड़े चढ़ावे, आभूषणों और वित्तीय प्रबंधन की जांच के लिए विधानसभा की संयुक्त समिति गठित की जाए। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में विपक्ष को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की आशंका समाप्त हो सके।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में मंदिर प्रबंधन और धार्मिक संस्थानों की पारदर्शिता को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।







