हरिद्वार :- बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा मंदिर के दान-चढ़ावे और समिति के एक कर्मचारी पर लगे अनियमितताओं के आरोपों की गहन जांच के आदेश दिए जाने का अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने स्वागत किया है।

महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि यदि किसी कर्मचारी द्वारा किसी प्रकार की अनियमितता की गई है, तो निष्पक्ष जांच के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चारधाम केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं, इसलिए वहां होने वाली किसी भी गड़बड़ी को बेहद गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री पर विश्वास जताते हुए कहा कि सरकार ऐसे मामलों में निश्चित रूप से सख्त कदम उठाएगी। महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि श्रद्धालुओं का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है। धन की भरपाई हो सकती है, लेकिन आस्था को ठेस पहुंचने पर उसकी भरपाई करना बेहद कठिन होता है।
उन्होंने कहा कि मंदिरों की व्यवस्थाएं अनुभवी और जिम्मेदार लोगों के हाथों में होनी चाहिए तथा देवस्थानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि चारधाम की गरिमा और श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।







