उत्तरकाशी :- उत्तरकाशी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यसेवक के रूप में पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन के साथ-साथ उत्तराखंड की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण की कामना की गई।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक, मां शक्ति का पाठ और हवन-पूजन संपन्न हुआ। इस दौरान श्रद्धालुओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड को विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने, कठोर नकलरोधी कानून, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रणाली और सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे कई ऐतिहासिक निर्णयों ने राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।


इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराया।







