देहरादून/रुद्रप्रयाग, 2 जुलाई: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सोनप्रयाग-मुनकटिया पैदल मार्ग पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन यात्रा मार्ग पर पैदल आवाजाही और यातायात को तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।


जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजकर 44 मिनट पर रुद्रप्रयाग जनपद के सोनप्रयाग-मुनकटिया क्षेत्र में पहाड़ी से भारी पत्थर गिरने के कारण यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मार्ग पर गिरे मलबे और बड़े पत्थरों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मार्ग का पूरी तरह से निरीक्षण और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू किया जाएगा।


प्रशासन ने केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।







