देहरादून/रुड़की: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश में जनभागीदारी को सशक्त बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भावना को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है।


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशभर में जनसहयोग से किए जा रहे प्रेरणादायक कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, नवाचार, युवाओं की सहभागिता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश नागरिकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया ‘सबका प्रयास’ का मंत्र विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला और युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







