अल्मोड़ा : अल्मोड़ा के दन्या में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी तरह चुनावी अंदाज में नजर आए। उन्होंने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ नेताओं का उत्तराखंड से रिश्ता केवल चुनाव तक सीमित रहता है, जबकि भाजपा का हर कार्यकर्ता सालभर जनता के बीच रहकर काम करता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने लगातार प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा किया है और जनता से सीधा संवाद स्थापित किया है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग चुनाव आते ही उत्तराखंड की याद करते हैं और परिस्थितियां प्रतिकूल होते ही वापस लौट जाते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई पंतनगर तक पहुंचता है और फिर लौट जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री 30 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं और उनका राज्य के विकास से विशेष लगाव है। यही कारण है कि आज प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण सड़क योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से सड़कें बनाई गई हैं, स्कूलों और अस्पतालों को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा चौखुटिया की बहुप्रतीक्षित पिंडर नदी परियोजना को लेकर नीति आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है।
दन्या की जनसभा से मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि भाजपा आगामी चुनाव में विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। वहीं कांग्रेस को जनता से कटे हुए और केवल चुनावी मौसम में सक्रिय होने वाले दल के रूप में पेश करने की रणनीति पर भी खुलकर काम किया जाएगा।







