देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के साथ हुई बैठक में स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में बढ़ते तीर्थाटन और पर्यटन को देखते हुए रेलवे सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने पर विशेष बल दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की, हल्द्वानी, काठगोदाम, रामनगर और टनकपुर जैसे स्टेशन प्रदेश के प्रवेश द्वार हैं, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए। आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं विकसित करने की आवश्यकता भी उन्होंने जताई।

इसके साथ ही सीएम धामी ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के डबल लाइन निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि बैठक में उठाए गए सभी सुझावों और परियोजनाओं पर गंभीरता से काम किया जाएगा। उत्तराखंड में रेलवे के विस्तार को राज्य के विकास की नई पटरी माना जा रहा है।








